20 Jun 2026
जागरण संवाददाता, वाराणसी : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं को वैश्विक रोजगार और आधुनिक कॉर्पोरेट जगत से जोड़ने की दिशा में शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया। विवि के हर प्रसाद गुप्त इनक्यूबेशन फाउंडेशन (एचपीजीआईएफ) और एमराल्डगीयर्स इनिशिएटिव फाउंडेशन ग्लोबल (ईजीआईएफ) के बीच नवाचार, उद्यमिता, शोध और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। पंत प्रशासनिक भवन के डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम को युवाओं, शोधकर्ताओं और सामाजिक स्टार्टअप्स के लिए नए अवसरों का द्वार खोलने वाला माना जा रहा है।
कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि विवि का हमेशा से यह ध्येय रहा है कि उच्च शिक्षा को केवल डिग्रियों तक सीमित न रखकर समकालीन वैश्विक रोजगार और नवाचार के साथ जोड़ा जाए।
हर प्रसाद गुप्त इनक्यूबेशन फाउंडेशन, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एवं एमराल्डगीयर्स इनिशिएटिव फाउंडेशन ग्लोबल (ईजीआईएफ) के मध्य एमओयू का आदान-प्रदान करते कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी (बाएं से दूसरे)।
हर प्रसाद गुप्त इनक्यूबेशन फाउंडेशन के निदेशक प्रो. मोहम्मद आरिफ ने कहा कि इससे विद्यार्थी सैद्धांतिक ज्ञान की परिधि से बाहर निकलकर आज के कॉर्पोरेट जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली से रूबरू हो सकेंगे।
ईजीआईएफ अध्यक्ष केशव प्रसाद दुबे ने कहा कि काशी विद्यापीठ जैसे संस्थान से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है।